Top News

रायसेन - ओबेदुल्लागंज में छठ महापर्व की सभी तैयारियां पूर्ण


 रायसेन/ओबेदुल्लागंज - ( सत्येंद्र पांडे) -नगर में सूर्य उपासना के महापर्व सूर्य षष्ठी छठ की तैयारियां जोरों पर हैं। चार दिवसीय इस महापर्व का प्रारंभ पिछले बुधवार से नहाय खाय के विधान के साथ प्रारंभ हो चुका है। गुरुवार को खरना की परंपरा पूरी की गयीं, शुक्रवार 20 नवंबर की शाम को महिलायें डूबते सूर्य को अर्ध्य समर्पित करेंगीं और शनिवार प्रातः उगते सूर्य के अर्ध्य के साथ इस उपासना का पूजन पूर्ण होगा। 


नगर के भोजपुरी समाज के परिवारों में इस पर्व हेतु विशेष उल्लास व उमंग है। भोजपुरी समाज द्वारा इस हेतु मत्स्य पालन केन्द्र के जलाशय को साफ सफाई करवा कर तट स्वरूप बनाया गया है। यहां पूजन वेदियों और व्यवस्थित बैठक व्यवस्था हेतु आवश्यक इंतजाम भी भोजपुरी समाज द्वारा किये गये हैं। 


भोजपुरी समाज औबेदुल्लागंज के अध्यक्ष रमाशंकर जायसवाल ने बताया कि इस वर्ष पूजन प्रक्रिया में कोविड-19 के आवश्यक निर्देशों का पूरा ध्यान रखा जायेगा और सुरक्षित रूप से परंपरा के निर्वहन हेतु समाज का हर सदस्य संकल्पित है। उन्होने कहा कि इस आयोजन में उन्हे नगर की संस्था हिन्दु उत्सव समिति तथा अन्य सामाजिक संगठनों एवं शासन का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं