नर्मदापुरम - नर्मदा जयंती महोत्सव हर्षोल्लास के साथ हुआ सम्पन्न
नर्मदापुरम - ( अजयसिंह राजपूत ) - नर्मदा जयंती महोत्सव का मुख्य समारोह सेठानी घाट पर आयोजित गया। लेकिन यह महोत्सव सिर्फ घाट का ही महोत्सव नहीं रहा। घर-घर का महोत्सव बन गया। इस बार की नर्मदा जयंती पर जिलेवासियों में दोगुनी खुशी का माहौल था। एक तो नर्मदा जयंती की खुशी और दूसरी होशंगााबाद का नाम नर्मदापुरम होने की खुशी। नर्मदा जयंती महोत्सव उमंग, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। नर्मदापुरम वासियों ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया। जन्मोत्सव पर मां नर्मदा के तट के प्रमुख घाटों पर विशेष विद्युत साज सज्जा की गई जिससे रंग बिरंगी रोशनी से घाट जगमग हो रहे थे। बड़ी संख्या में दीपदान किया गया। सेठानी घाट सहित अन्य घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स लगाया गया। बीते एक सप्ताह से नर्मदा जन्मोत्सव की तैयारी की जा रही थी।
चार स्थानों से किया गया सीधा प्रसारण
नर्मदा जयंती के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शहर के चार प्रमुख स्थानों से किया गया। जिनमें पर्यटन घाट, इंदिरा चौक, जय स्तंभ और सतरस्ता पर एलईडी लगाई गई। जहां से लोगाें ने जलमंच तथा सेठानी घाट पर हो रहे कार्यक्रम का आनंद लिया।
चार स्थानों पर की विशेष सजावट
सेठानी घाट को आकर्षक रूप दिए जाने के अलावा शहर के चार प्रमुख स्थानों पर विशेष साज सज्जा की गई। जिसमें सतरस्ता, जय स्तंभ, श्यामाप्रसाद मुखर्जी प्रतिमा के पास तथा इंदिरा चौक पर लाइटिंग और रंग बिरंगे कपड़ों से सजावट की गई जो देखते ही बन रही थी।
घाटों पर सजाए गए विशेष द्वार
नर्मदा तट के सेठानी घाट पर विशेष द्वार तैयार किया गया। पर्यटन घाट कोरी घाट के साथ ही सर्किट हाउस घाट पर भी द्वार सजाए गए। यहां पर तोरण द्वार लगाए गए। फूलों की मालाओं से भी सजावट की गई।
दोपहर में मना जन्मोत्सव
सुबह के समय नर्मदा जी की पूजन अर्चन की गई उसके बाद दोपहर में नर्मदा तट के सेठानी घाट, मोरछली चौक के नर्मदा मंदिरों में मां नर्मदा की आरती की गई। नर्मदाष्टक का सामूहिक पाठ किया गया। इसी तरह नित्य आरती स्थल पर पूजन अर्चन कर जन्मोत्सव मनाया गया।
नर्मदा जन्मोत्सव घर-घर का उत्सव
नर्मदा जन्मोत्सव की विशेषता यह है कि यह सिर्फ घाट पर ही नहीं घरों-घर का उत्सव बन गया है। इस मौके पर शहर के लोगों ने अपने घरों में भी दीपक जलाए। खुशियां मनाई। एक दूसरे को नर्मदा जयंती और नर्मदापुरम होने की शुभकामनाएं दी।
12 स्थानों पर लगे बेरीकेटस
यातायात व्यवस्था बनाने के लिए प्रशासन के द्वारा शहर के 12 प्रमुख स्थानों पर बेरीकेटस लगाए गए। जिनमें एसएनजी स्कूल के पास, एकता चौक के पास, सतरस्ता के पास, मोरछली चौके के पास, हलवाई चौक के पास, सराफा चौक, सुभाष चौक, शनि मंदिर के पास वेरीकेटस लगाए गए। यातायात एवं पार्किंग के पुख्ता इंतजाम रहे।
निर्झरणी महोत्सव ने समां बांधा
जन्मोत्सव व पूजन अर्चन के बाद सेठानी घाट के भरत मिलाप फर्श पर सांस्कृतिक संध्या के तहत निर्झरणी महोत्सव ने समां बांध दिया। घाट पर मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया। पवित्र मां नर्मदा के प्रति धन्यता के इस निर्झरणी महोत्सव का आयोजन मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में जिला प्रशासन व नगर पालिका के सहयोग से किया गया। इस कार्यक्रम में सुश्री लता सिंह मुंशी एवं साथी द्वारा नर्मदा नृत्य-नाटिकाओं की आकर्षक प्रस्तुति की गई जिसमें श्री कपिल शर्मा एवं साथी द्वारा नृत्य-नाटिका के साथ ही गायन की प्रस्तुति दी गई जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
नर्मदा जयंती महोत्सव कार्यक्रम में कमिश्नर नर्मदापुरम श्री मालसिंह , पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती दीपिका सूरी , कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ गुरकरण सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं